व्लादिमीर पुतिन की ताक़त रूस की ताक़त कैसे बन रही
रूस के क़रीब आज़ोव समंदर के पानी का अशांत होना कोई नई बात नहीं लेकिन रविवार को समंदर में हुई हलचल की गूंज पूरी दुनिया में सुनाई दी. अगले ही दिन हज़ारों नॉटिकल मील दूर न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की बैठक हुई. वहां अमरीकी राजदूत निकी हेली रूस को कटघरे में खड़ा कर रही थीं. "रूस ने जो कोशिश की है, हम उसका विरोध करने के लिए एकजुट हैं. हम यूक्रेन की संप्रभुता और उसकी अतंरराष्ट्रीय स्तर पर स्वीकृत सीमाओं की अखंडता का मजबूती से समर्थन करते हैं. हम रूस की उकसावे वाली कार्रवाई पर बातचीत करेंगे और रूस की ओर से प्रस्तावित एजेंडे के ख़िलाफ़ वोट करेंगे." विवाद क्यों हुआ? अमरीका और दूसरे पश्चिमी देशों की नाराज़गी की वजह रविवार को यूक्रेन के तीन जहाजों के ख़िलाफ़ रूस की ओर से की गई कार्रवाई थी. रूस ने क्राइमिया के तट के क़रीब से गुजरते इन तीन जहाजों पर क़ब्ज़ा कर लिया और चालक दल के 23 सदस्यों को पकड़ लिया. यूक्रेन और पश्चिमी देशों की आपत्ति के उलट रूस की दलील है कि यूक्रेन के जहाज अवैध रूप से उसके अधिकार वाले समुद्री इलाक़े में दाखिल हुए थे. यूक्रेन और रूस के ब...